top of page

लखनऊ में अवैध हथियार व सुतली बम के साथ चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 शातिर गिरफ्तार

  • rajeshprsd738
  • 11 जन॰
  • 2 मिनट पठन

लखनऊ। उत्तरी जोन के थाना मड़ियांव क्षेत्र में अपराध शाखा लखनऊ और थाना मड़ियांव की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बन्द मकानों में चोरी करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अवैध पिस्टल, तमंचे, सुतली बम और चोरी के आभूषणों के साथ 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को आईआईएम तिराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से आ रहे संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, दो अवैध पिस्टल, दो अवैध तमंचे, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, आठ सुतली बम और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए। साथ ही चोरी की मोटरसाइकिल (UP32MQ4674) भी पुलिस ने जब्त की।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नवाब अली उर्फ सलमान अली उर्फ अर्जुन उर्फ अमन, आफताब, अफरोज उर्फ मो. फिरोज और शमशुल के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे बंद मकानों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करते थे और राहगीरों को बेचकर अपने शौक पूरे करते थे। पकड़े जाने की स्थिति में बचाव के लिए अवैध हथियार और सुतली बम रखते थे।

बरामद आभूषणों और मोटरसाइकिल के संबंध में थाना मड़ियांव, ठाकुरगंज, दुबग्गा और बीकेटी में पहले से दर्ज मामलों से संबंध पाया गया है। बरामदगी के आधार पर थाना मड़ियांव में कई मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अभियुक्तों को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों और जनपदों से जुटाई जा रही है।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी की पूरी कार्रवाई माननीय सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

 
 
 

टिप्पणियां


bottom of page